E-177, First Floor, Amar Colony, Lajpat Nagar-IV, New Delhi info@missionmeradesh.com
Follow us:
;

Popular Post


ब्लॉग

कृषि उच्च शिक्षा को भविष्य के अनुरूप बनाने पर जोर


कृषि उच्च शिक्षा को भविष्य के अनुरूप बनाने पर जोर


Posted By: Ameeta  |  Posted Date: 02-10-2025

  कृषि विश्वविद्यालयों में उच्च शिक्षा को आधुनिक, तकनीक आधारित, कौशल-केंद्रित और किसानोन्मुख बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण विचार-विमर्श के साथ कृषि विश्वविद्यालयों के कुलपतियों का 36वां वार्षिक सम्मेलन आज नई दिल्ली में शुरू हुआ। दो दिवसीय यह सम्मेलन 25 और 26 अगस्त को “विकसित भारत@2047 के लिए कृषि उच्च शिक्षा की नई परिकल्पना” विषय पर आयोजित किया जा रहा है। सम्मेलन का उद्घाटन केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने किया। इस अवसर पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री श्री भागीरथ चौधरी और श्री रामनाथ ठाकुर, कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग (DARE) के सचिव एवं भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के महानिदेशक डॉ. एम. एल. जाट, वरिष्ठ अधिकारी, वैज्ञानिक तथा देशभर के कृषि विश्वविद्यालयों के कुलपति उपस्थित रहे।

डिग्री से अधिक महत्वपूर्ण है किसानों पर प्रभाव

  सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कृषि शिक्षा की सफलता का आकलन केवल प्रदान की गई डिग्रियों की संख्या से नहीं किया जाना चाहिए, बल्कि यह देखा जाना चाहिए कि शिक्षा से विद्यार्थियों में कितना ज्ञान और कौशल विकसित हुआ तथा उसका किसानों के जीवन पर कितना वास्तविक प्रभाव पड़ा।

  उन्होंने कृषि शिक्षा को व्यावहारिक, तकनीक-आधारित और किसान-केंद्रित बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कृषि विश्वविद्यालयों, ICAR, कृषि विज्ञान केंद्रों (KVKs), किसान उत्पादक संगठनों (FPOs), उद्योग जगत और किसानों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता बताई, ताकि प्रयोगशालाओं में विकसित अनुसंधान और तकनीक किसानों के खेतों तक प्रभावी रूप से पहुंच सके। श्री चौहान ने विश्वविद्यालयों से स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने, उनके लिए व्यावहारिक कार्ययोजना तैयार करने और परिणामों की नियमित समीक्षा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में होने वाली चर्चाओं का उद्देश्य केवल विचार-विमर्श तक सीमित न रहकर ठोस निर्णयों और परिणामों में दिखाई देना चाहिए।

कृषि क्षेत्र को बनाना होगा तकनीक आधारित

  केंद्रीय राज्य मंत्री श्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए मजबूत कृषि क्षेत्र और सशक्त किसान आवश्यक हैं। उन्होंने भारत की उस यात्रा का उल्लेख किया, जिसमें देश खाद्यान्न की कमी से निकलकर खाद्यान्न उत्पादन में आत्मनिर्भर बना।

  उन्होंने इस उपलब्धि में किसानों, वैज्ञानिकों, शिक्षकों और कृषि संस्थानों के योगदान को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि बदलते समय की आवश्यकताओं को देखते हुए कृषि को अधिक तकनीक-आधारित, नवाचारपरक और भविष्य के लिए तैयार बनाना होगा। श्री चौधरी ने कृषि क्षेत्र में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक, अनुसंधान, उद्यमिता और एग्रीबिजनेस में रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर पैदा करके युवाओं को कृषि से जोड़ा जा सकता है।

शिक्षा और अनुसंधान में नवाचार जरूरी

  केंद्रीय राज्य मंत्री श्री रामनाथ ठाकुर ने कृषि शिक्षा के आधुनिकीकरण और नवाचार को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि कृषि विश्वविद्यालयों को विद्यार्थियों को ऐसी शिक्षा और कौशल प्रदान करना चाहिए, जो उन्हें भविष्य की कृषि चुनौतियों का सामना करने में सक्षम बनाए। उन्होंने शिक्षा, अनुसंधान और किसानों की वास्तविक आवश्यकताओं के बीच मजबूत संबंध स्थापित करने की आवश्यकता बताई। साथ ही, उद्यमिता, टिकाऊ कृषि और खेत स्तर पर उपयोगी समाधान विकसित करने पर विशेष ध्यान देने की बात कही।

कृषि उच्च शिक्षा में बदलाव की जरूरत

  DARE के सचिव एवं ICAR के महानिदेशक डॉ. एम. एल. जाट ने कहा कि कृषि उच्च शिक्षा को पारंपरिक मॉडल से आगे बढ़ाकर भविष्य-उन्मुख, कौशल आधारित और नवाचार-केंद्रित व्यवस्था में परिवर्तित करने की आवश्यकता है। उन्होंने उद्योग और अकादमिक संस्थानों के बीच साझेदारी, मांग-आधारित अनुसंधान, मजबूत प्रत्यायन व्यवस्था तथा आंकड़ों पर आधारित निर्णय प्रक्रिया को प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, अनुसंधान और विस्तार सेवाओं को एक-दूसरे से जोड़कर ही वैज्ञानिक ज्ञान को किसानों के लिए वास्तविक लाभ में बदला जा सकता है।

पांच सत्रों में 14 महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा

  दो दिवसीय सम्मेलन को पांच प्रमुख सत्रों में विभाजित किया गया है, जिनमें 14 एजेंडा विषयों पर विचार-विमर्श किया जा रहा है। इनमें विद्यार्थी-केंद्रित सुधार, उच्च शिक्षा, संकाय विकास, संस्थागत सुदृढ़ीकरण, गुणवत्ता सुधार, शैक्षणिक सुधार, अनुसंधान, नवाचार और संस्थागत उत्कृष्टता जैसे विषय शामिल हैं। सम्मेलन में प्रवेश प्रणाली, अनुसंधान फेलोशिप, ICAR-AIQ काउंसलिंग, पशु चिकित्सा विज्ञान में पीएचडी काउंसलिंग तथा कृषि शिक्षा को अधिक सुलभ और समावेशी बनाने जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई। इसके अलावा प्रत्यायन, गुणवत्ता आश्वासन, वित्तीय प्रबंधन, प्रदर्शन आधारित वित्त पोषण, उद्योग-अकादमिक संबंध, इंटर्नशिप एवं अप्रेंटिसशिप, पाठ्यक्रम में बदलाव तथा ड्यूल, ट्विनिंग और संयुक्त डिग्री कार्यक्रमों पर भी विचार किया गया।

शिक्षकों और संस्थानों की क्षमता बढ़ाने पर जोर

  सम्मेलन में संकाय विकास और संस्थागत क्षमता निर्माण को भी महत्वपूर्ण विषय के रूप में शामिल किया गया। इसमें डिग्री समकक्षता, शिक्षकों की प्रशिक्षण आवश्यकताओं, विशेषज्ञों की मैपिंग तथा कृषि विश्वविद्यालयों में ‘प्रोफेसर्स ऑफ प्रैक्टिस’ की नियुक्ति के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। इस पहल का उद्देश्य कृषि शिक्षा में व्यावसायिक और उद्योग जगत के विशेषज्ञों के अनुभव एवं व्यावहारिक ज्ञान को शामिल करना है, ताकि विद्यार्थियों को कक्षा के साथ-साथ वास्तविक क्षेत्र की आवश्यकताओं से भी परिचित कराया जा सके।

अनुसंधान और नवाचार को राष्ट्रीय प्राथमिकताओं से जोड़ना

  अनुसंधान एवं नवाचार से जुड़े सत्रों में UGC Ph.D. Regulations, 2016 के समान रूप से क्रियान्वयन, राज्य कृषि विश्वविद्यालयों में Technology Readiness Level (TRL) को बढ़ावा देने तथा अनुसंधान को राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के अनुरूप करने पर विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों के लिए NIRF मानकों और मापदंडों पर भी चर्चा की गई। उद्देश्य यह है कि भारतीय कृषि विश्वविद्यालयों की गुणवत्ता और वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को और मजबूत किया जा सके।

किसान-केंद्रित अनुसंधान और शिक्षा बने प्राथमिकता

  सम्मेलन में हुई चर्चाओं से यह स्पष्ट हुआ कि भविष्य के कृषि विश्वविद्यालयों को केवल डिग्री प्रदान करने वाले संस्थान के रूप में नहीं, बल्कि शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार, उद्योग और ग्रामीण समुदाय के बीच सेतु के रूप में विकसित करने की आवश्यकता है।

  तकनीक-सक्षम शिक्षा, गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान, बेहतर संस्थागत प्रशासन, उद्योग के साथ साझेदारी, आंकड़ों पर आधारित निर्णय प्रणाली और किसान-केंद्रित अनुसंधान को कृषि उच्च शिक्षा के भविष्य की महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं के रूप में रेखांकित किया गया। इस अवसर पर ICAR के उप महानिदेशक (कृषि शिक्षा)  डॉ. यशपाल मलिक ने स्वागत एवं सम्मेलन की पृष्ठभूमि पर प्रकाश डाला। उद्घाटन सत्र में पिछले कुलपति सम्मेलन के निर्णयों पर की गई कार्रवाई और उनकी प्रगति की भी समीक्षा की गई।

;